साप्ताहिक खबर

इस सप्ताह की खबर (14 से 21 जून 2026 तक)

शक्ति नगर में होगा आचार्य अतिवीर मुनिराज का 21वां चातुर्मास

जैन समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि प्रशममूर्ति आचार्य श्री १०८ शान्तिसागर जी महाराज (छाणी) परम्परा के प्रमुख संत परम पूज्य आचार्य श्री १०८ अतिवीर जी मुनिराज का 21वां मंगल चातुर्मास 2026 राजधानी दिल्ली की धर्मनगरी शक्ति नगर में स्थापित होगा। यह घोषणा स्वयं आचार्य श्री द्वारा पिछले वर्ष चातुर्मास कलश स्थापना के मंगल अवसर पर ही भक्तों की अपार श्रद्धा, समर्पण और भावनाओं को देखकर कर दी गई थी। उस समय से ही समस्त समाज इस दिव्य अवसर की प्रतीक्षा कर रहा था।

आचार्य श्री की इस कृपामयी घोषणा ने सम्पूर्ण समाज में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। शक्ति नगर की पावन धरा पर आगामी चातुर्मास केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरण, आत्मशुद्धि और धर्मप्रभावना का विराट महोत्सव सिद्ध होगा। यहाँ चार माह तक आचार्य श्री के अमृतमय प्रवचनों की ज्ञानगंगा प्रवाहित होगी, भक्ति की अनुपम बहार छाएगी और असंख्य श्रद्धालुओं को आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा प्राप्त होगी।

विशेष उल्लेखनीय है कि आचार्य श्री १०८ विद्याभूषण सन्मति सागर जी महाराज की आज्ञानुसार वर्ष 2013 में भी पूज्य गुरुदेव का इस पावन स्थल पर चातुर्मास संपन्न हो चुका है, जो अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक उपलब्धियों का साक्षी बना। उस चातुर्मास से समाज को नई दिशा, नई चेतना और अभूतपूर्व एकता प्राप्त हुई थी।

अब जिनालय के भव्य सौंदर्यीकरण एवं पंचकल्याणक प्रतिष्ठा के पश्चात पुनः एक बार समाज के मन में यह भाव जागृत हुआ कि आचार्य श्री अतिवीर जी मुनिराज का चातुर्मास इस पवित्र तीर्थ-समान स्थल पर आयोजित हो। समाज की इसी निष्कलंक भावना को स्वीकार करते हुए आचार्य श्री ने शक्तिनगर को वर्ष 2026 के चातुर्मास की मंगल सौगात प्रदान की।

आचार्यश्री के आगमन की घोषणा के बाद से ही शक्तिनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का वातावरण है। सभी समाजजन इस चातुर्मास को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाने हेतु पूरे समर्पण के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। हर हृदय में एक ही संकल्प है कि गुरुदेव के सान्निध्य में यह चातुर्मास धर्म, संस्कृति, संगठन और सेवा का अद्वितीय उदाहरण बने।